नगर में एक बार फिर आवारा निराश्रित गोवंश ने आम लोगों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। भारतीय स्टेट बैंक शाखा के निकट सांड ने एक महिला पर हमला कर उठाकर पटक दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान महिला सड़क पर चल रही थीं, तभी अचानक सांड ने उन पर आक्रमण कर दिया। पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें सांड का हमला और महिला के गिरने का साफ दृश्य दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया और सांड को भगाया।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांधला नगर में निराश्रित गोवंश, खासकर सांड अब आम जनता के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। घायल महिला को कस्बा निवासियों ने तुरंत गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल महिला का उपचार चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।






