Home / News / मनीता की ममता बनी हैवान बेटा बेटी को जहर देकर मार डाला खुद भी…

मनीता की ममता बनी हैवान बेटा बेटी को जहर देकर मार डाला खुद भी…

गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के बलियाखेड़ी गांव में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने महिला के ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

मृतका की पहचान 30 वर्षीय मनीता के रूप में हुई है। वह अपनी छह साल की बेटी नित्या और तीन साल के बेटे कार्तिक के साथ गांव के बाहर जाहरवीर महाड़ी स्थल के पास बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर सल्फास की खाली शीशी बरामद हुई।
तीनों को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, मनीता की शादी वर्ष 2018 में बलियाखेड़ी निवासी नीटू से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति और ससुराल पक्ष से विवाद चलता रहा। गुरुवार सुबह छत पर बने शौचालय के इस्तेमाल को लेकर मनीता का ससुरालियों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह अपने बच्चों को लेकर घर से निकल गई।
शाम को गांव के बाहर तीनों बेसुध मिले। परिजनों का आरोप है कि मनीता को लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था।

मनीता के भाई जसबीर ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे। गुरुवार को भी झगड़े के बाद उसे घर से निकाल दिया गया था। जसबीर ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने ही मनीता और उसके बच्चों को जहर देकर मार डाला।

पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति नीटू, ससुर अतर सिंह, जेठ अरविंद और जेठानी कविता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घरेलू विवाद और पारिवारिक प्रताड़ना ने एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की जान ले ली। इस घटना ने एक बार फिर समाज में घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now