Home / Breaking News / संभल हिंसा का बड़ा मोड़: ASP अनुज चौधरी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर FIR से हड़कंप…

संभल हिंसा का बड़ा मोड़: ASP अनुज चौधरी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर FIR से हड़कंप…

UP News: संभल हिंसा मामले में बड़ा आदेश, ASP अनुज चौधरी समेत 12 पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने के निर्देश

संभल हिंसा केस में कोर्ट ने बड़ा आदेश जारी किया है। एएसपी फिरोजाबाद अनुज चौधरी समेत यूपी पुलिस के 12 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश एक युवक की मौत के मामले में उसके पिता द्वारा दायर याचिका पर दिया गया है।

संभल जिले से सामने आई इस अहम खबर के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर की अदालत ने हिंसा के दौरान गोली लगने से घायल हुए युवक के मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। घटना के समय अनुज चौधरी संभल में क्षेत्राधिकारी (CO) के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वे फिरोजाबाद में एएसपी के पद पर कार्यरत हैं।

युवक के पिता ने कोर्ट में लगाई थी गुहार

थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला खग्गू सराय अंजुमन निवासी यामिन ने 6 फरवरी 2024 को सीजेएम न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि उनका बेटा आलम 24 नवंबर 2024 को रस्क (टोस्ट) बेचने के लिए घर से निकला था। शाही जामा मस्जिद इलाके में पहुंचने पर पुलिस फायरिंग में वह घायल हो गया।

यामिन ने तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी, संभल कोतवाली के तत्कालीन इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित 12 पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया है।

पुलिस से छिपकर कराया गया इलाज

मामले की सुनवाई 9 जनवरी 2026 को शुरू हुई। यामिन के अधिवक्ता चौधरी अख्तर हुसैन ने बताया कि उनके मुवक्किल के बेटे ने पुलिस के डर से छिपकर अपना इलाज कराया। उन्होंने कोर्ट से पूर्व सीओ अनुज चौधरी, पूर्व इंस्पेक्टर अनुज तोमर और अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी।

अधिवक्ता के अनुसार, देर शाम आदेश जारी होने के कारण उन्हें अभी तक कोर्ट का लिखित आदेश प्राप्त नहीं हो सका है।

संभल हिंसा के बाद हुई थीं कई गिरफ्तारियां

संभल हिंसा के बाद पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 79 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान संभल कोतवाली और नखासा थाने में हिंसा से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे।

इस मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क, सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल सहित 40 नामजद और 2750 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। 18 जून को एसआईटी ने 1128 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, जिसमें सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत 23 लोगों को आरोपी बनाया गया। हालांकि, चार्जशीट में विधायक के बेटे सुहैल इकबाल का नाम शामिल नहीं किया गया।

[post-views]
Share
Now