श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र के मनिहारपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों के शव घर के अंदर पड़े मिले। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, रोज अली अपनी पत्नी शहनाज, दो बेटियों गुलनाज (11), तबस्सुम (10) और बेटे मोइन (डेढ़ साल) के साथ गुरुवार रात कमरे में सोने गए थे, सुबह जब वे नहीं उठे तो घरवालों को शक हुआ, कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब किसी ने जवाब नहीं दिया तो परिवार वालों ने खिड़की से झांककर देखा, तो अंदर का नज़ारा देखकर सबके होश उड़ गए।
रोज अली, उनकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में पड़े थे। काफी प्रयास के बाद दरवाजा तोड़ा गया। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। रोज अली का शव चारपाई पर मिला, जबकि बाकी चारों बेड पर थे। उनकी जुबान बाहर निकली हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए।
परिवार के लोगों ने बताया कि रोज अली मुंबई में रहकर काम करता था। वह पांच दिन पहले ही परिवार के साथ गांव लौटा था। गुरुवार की रात सभी ने साथ में खाना खाया और फिर सोने चले गए थे। फिलहाल, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पूरे गांव में इस घटना से मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






