सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार के चुनाव परिणामों पर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए जो खेल हुआ, वह अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाकी जगह नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है।
अखिलेश ने कहा कि अब आगे भाजपा को यह खेल नहीं खेलने देंगे। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि जैसे CCTV नजर रखता है, वैसे ही हमारा ‘PPTV’ यानी ‘पीडीए प्रहरी’ सतर्क रहेगा और भाजपा के मंसूबों को नाकाम करेगा। इससे पहले भी अखिलेश यादव ने SIR के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा था कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन
पुनरीक्षण में आधार की मान्यता को लेकर वह सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उनका आरोप है कि कई जगह 2003 की मतदाता सूची ठीक से साफ नहीं की गई है। अखिलेश ने दोहराया कि पीडीए का वोट किसी कीमत पर नहीं कटने देंगे। वहीं, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को लेकर जारी विवाद पर अखिलेश बोले कि संविधान निर्माताओं ने इसे वैकल्पिक रखा है, अनिवार्य नहीं।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






