मुजफ्फरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खतौली थाना क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर में बड़ी कार्रवाई की। एक डेयरी, जो कि भाजपा नेता से जुड़ी थी, में छापा मारते हुए टीम को पता चला कि पनीर में रिफाइंड तेल और सोयाबीन मिलाकर नकली पनीर बनाया जा रहा था। मौके पर अपमिश्रित दूध और अन्य रसायन सामग्री भी बरामद हुई, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य मनोज कुमार ने किया, साथ में मुख्य खाद्य अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और कोतवाली पुलिस की टीम मौजूद थी। पनीर और दूध के नमूने आगे की जांच के लिए भेजे जाएंगे, जबकि डेयरी संचालक रजत जैन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर पूरे डेयरी परिसर को सील कर दिया गया।






