मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया हैं। थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव के बाहर स्थित मंदिर के पास नौ वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अनुसूचित जाति की नौ वर्षीय बच्ची घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह थोड़ी दूर स्थित एक सुनसान जगह पर बने मंदिर में चली गई। आरोप है कि मंदिर के कमरे में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने उसे खून से लथपथ हालत में पाया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
मगोर्रा थाना प्रभारी हरीश चौधरी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की देखरेख में बच्ची का इलाज जारी है। पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बताया जा रहा है कि फुटेज में तीन युवक मंदिर के पास घूमते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस को शक है कि इन्हीं युवकों का इस घटना से संबंध हो सकता है। पुलिस टीम इन संदिग्धों की तलाश में लगातार खोजबीन कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। संभावित अप्रिय स्थिति को देखते हुए पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीण भी पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटे हुए हैं। गांव में भारी संख्या में लोगों की भीड़ देखी जा रही है। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि जांच के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, साथ ही यह जांच की जा रही है कि बच्ची के साथ अपराध एक युवक ने किया या इसमें एक से अधिक लोग शामिल हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट : ज्योत नौटियाल






