सोनीपत जिला शुक्रवार सुबह उस वक्त दहल उठा जब नेशनल हाईवे-334बी पर खरखौदा थाना कलां चौक के पास स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने बाप-बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों पर करीब 15 फायर किए गए। वारदात पांच साल पुराने नितिन सैनी हत्याकांड की रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। गांव गोपालपुर निवासी धर्मबीर सिंह उम्र 50 और उनका बेटा मोहित उम्र 25 सोनीपत अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे दोनों पुल से नीचे जा गिरे। इसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, वहीं दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाशों की स्कॉर्पियो रेलिंग से टकराकर फंस गई, तीनों आरोपी गाड़ी छोड़कर पैदल भागे और रास्ते में एक युवक की बाइक लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हमले की जड़ 2020 में हुए नितिन सैनी मर्डर केस से जुड़ी एक रंजिश है और मोहित उसी मामले का आरोपी था। मृतक के पिता बुधराम की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है , राहुल (खरखौदा निवासी) और मनीष (रोहतक हुमायूंपुर निवासी)। एसपी सोनीपत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर जिले को हिला दिया है। इससे पहले भी सोनीपत में कई दोहरे हत्याकांड हुए थे। सितंबर 2023 में लाठ-जौली चौक पर दादा-पोते की हत्या और 2019 में पार्श्वनाथ सिटी में दो युवकों की हत्या जैसे मामलों ने जिले में दहशत फैलाई थी।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






