आख़िरकार 8 साल का इंतज़ार खत्म! भारत की पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर इतिहास रच दिया। बिहार के राजगीर में बने नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने शुरुआत से ही खेल पर पकड़ बनाई और कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस जीत के साथ भारत ने चौथी बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की और साथ ही वर्ल्ड कप 2026 का सीधा टिकट भी हासिल कर लिया।
बता दे की मैच की शुरुआत ने ही माहौल बना दिया था। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के शानदार पास पर सुखजीत ने पहले 30 सेकंड में गोल दागकर टीम इंडिया को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत ने दो गोल और अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया। कोरिया ने एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उनकी एक न चली। पूरे स्टेडियम में “भारत, भारत” के नारों की गूंज थी और खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की चमक साफ दिखाई दे रही थी।
साथ ही इस खिताब के साथ भारत एशिया कप के इतिहास में दूसरी सबसे सफल टीम बन गया है, जबकि पहले नंबर पर अब भी पांच खिताब के साथ साउथ कोरिया है। जीत की खुशी में हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए इनाम का ऐलान किया, वहीं फैंस इस सुनहरे पल को हमेशा याद रखेंगे। यह जीत सिर्फ ट्रॉफी तक सीमित नहीं रही, बल्कि करोड़ों भारतीयों के लिए गर्व और भावनाओं का उत्सव बन गई






