Home / News / हेरोइन बनाने वाला 498 किलो प्रतिबंधित केमिकल बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

हेरोइन बनाने वाला 498 किलो प्रतिबंधित केमिकल बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

बरेली। थाना शाही पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन निर्माण में प्रयुक्त प्रतिबंधित रसायन 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद रसायन की अनुमानित कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन, एक रेनो क्विड कार, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 18 जुलाई की रात ग्राम जुन्हाई बिजलीघर के सामने से अमरोहा निवासी जोगेश उर्फ पिंकू, तेजपाल सिंह, अरुण कुमार तथा बदायूं निवासी अब्दुल वासिद को गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना शाही में एनडीपीएस एक्ट मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी जोगेश ने बताया कि 16 जुलाई को मेवात (हरियाणा) से एसिटिक एनहाइड्राइड की खेप लाकर बदायूं निवासी कय्यूम को सप्लाई की जानी थी, जो इसे आगे पश्चिम बंगाल भेजने वाला था। आरोपी ने स्वीकार किया कि इस रसायन का उपयोग मॉर्फीन से हेरोइन बनाने की प्रक्रिया में किया जाता है। पुलिस के अनुसार, जोगेश पहले भी एनसीबी के एसिटिक एनहाइड्राइड मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने इस मामले में मेवात निवासी अरशद और बदायूं निवासी कय्यूम को वांछित घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर तलाश शुरू कर दी गई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now