Home / Updates / 22 साल की महिला, 10 करोड़ की ड्रग्स और पुलिस की सूझबूझ,”ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” की सबसे बड़ी कामयाबी…..

22 साल की महिला, 10 करोड़ की ड्रग्स और पुलिस की सूझबूझ,”ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” की सबसे बड़ी कामयाबी…..

एक्सप्रेस न्यूज़ भारत देहरादून डेस्क , 15 जुलाई 2025 (रिपोर्ट : कृष्णा त्यागी )

उत्तराखंड पुलिस को “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान” के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और एसटीएफ (विशेष कार्यबल) की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल सीमा से लगे टनकपुर क्षेत्र में भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए (MDMA) बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹10.23 करोड़ है।

इस बड़ी जब्ती की जानकारी आज दिनांक 15 जुलाई 2025 को सरदार पटेल भवन, देहरादून में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। प्रेस वार्ता में उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री नीलेश आनंद भरणे, तथा एसएसपी एसटीएफ श्री नवनीत भुल्लर उपस्थित रहे। वहीं एसपी पिथौरागढ़ रेखा यादव, एसपी चंपावत अजय गणपत्ति, और एसएसपी मणिकान्त मिश्रा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

12 जुलाई को चला विशेष चेकिंग अभियान

चंपावत एवं पिथौरागढ़ जनपद की पुलिस और एसटीएफ की टीम ने 12 जुलाई 2025 को गढ़ीगोठ पुल, पम्पापुर (टनकपुर) क्षेत्र में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध अवस्था में काले बैग के साथ शारदा नहर की ओर भागते देखा। महिला को रोका गया और पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर वंदना वर्मा की उपस्थिति में उसकी तलाशी ली गई, जिसमें 5.688 किलोग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।

गिरफ्तार महिला का बड़ा खुलासा

गिरफ्तार महिला की पहचान ईशा (22 वर्ष), पत्नी राहुल कुमार, निवासी ग्राम पम्पापुर, थाना बनबसा, जनपद चंपावत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में ईशा ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसके पति राहुल कुमार और उसके सहयोगी कुनाल कोहली द्वारा 27 जून को पिथौरागढ़ से लाया गया था।

ईशा को यह निर्देश मिला था कि वह इस ड्रग को नहर में नष्ट कर दे, लेकिन समय रहते पुलिस की सतर्कता से वह गिरफ्तार कर ली गई। दोनों मुख्य अभियुक्त मुंबई (ठाणे) में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक अन्य मामले में पहले से वांछित हैं।

MDMA: एक घातक सिंथेटिक ड्रग

पकड़ा गया पदार्थ MDMA (जिसे मौली या एक्स्टसी भी कहा जाता है) एक सिंथेटिक साइकोएक्टिव ड्रग है, जो पार्टी ड्रग के रूप में बदनाम है। यह मानसिक उत्तेजना, नशा और लत का कारण बनता है। बरामद ड्रग की अनुमानित कीमत ₹18,000 प्रति ग्राम है, जिससे कुल बरामदगी का मूल्य ₹10,23,84,000/- (दस करोड़ तेईस लाख चौरासी हजार रुपये) बैठता है।

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, पुलिस टीम को इनाम

ईशा के विरुद्ध थाना बनबसा में NDPS एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने टीम को ₹50,000 का नकद इनाम देने की घोषणा की है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर नजर

पुलिस अब फरार चल रहे अभियुक्तों राहुल कुमार और कुनाल कोहली की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। साथ ही नेपाल सीमा के माध्यम से ड्रग्स की तस्करी में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, विशेषकर नाइजीरियाई गिरोहों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now