कार्यालय परिचारी/परिचारी (विशिष्ट) हेतु चयनित 21 अभ्यर्थी को जिला पदाधिकारी के हाथों मिला नियुक्ति पत्र
समाहरणालय स्थित मिनी सभागार, बांका में जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला द्वारा कार्यालय परिचारी / परिचारी (विशिष्ट) पद हेतु चयनित 21 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया।
उक्त नियुक्तियाँ विज्ञापन संख्या 01/2018 के अंतर्गत की गई हैं। इस विज्ञापन के तहत चयनित कुल 136 अभ्यर्थियों में से 21 अभ्यर्थियों की नियुक्ति शिक्षा विभाग में प्रस्तावित थी। किंतु शिक्षा विभाग द्वारा रिक्ति उपलब्ध नहीं होने की सूचना दिए जाने के पश्चात संबंधित सभी अभ्यर्थियों को विभागीय निर्देश के आलोक में आज नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अंतर्गत 20 अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य विभाग में तथा एक अभ्यर्थी को समाहरणालय संवर्ग में नियुक्ति प्रदान की गई। शेष अभ्यर्थियों द्वारा पूर्व में ही अपने-अपने विभागों में योगदान किया जा चुका है।
नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर जिला पदाधिकारी, बांका ने नवनियुक्त परिचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में पारदर्शिता, अनुशासन एवं जनता के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने सभी कर्मियों से राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमावली का पालन करते हुए समर्पित भाव से सेवाएँ देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय, स्थापना उप समाहर्ता, बांका सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। रिपोर्ट : मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।








