₹80,000 की ठगी का झूठा आरोप, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी…
प्रसिद्ध YouTuber Mohd Arbaz Khan ने दर्ज कराई FIR
रामपुर: प्रसिद्ध YouTuber एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Mohd Arbaz Khan को सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे आरोप, गाली-गलौच, मानहानि और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज कराने की मांग की है।
पीड़ित Mohd Arbaz Khan, निवासी स्वार जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) हैं। वे एक प्रसिद्ध YouTuber एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, जिनके YouTube, Instagram और Facebook पर कुल मिलाकर 30 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनका Instagram अकाउंट “Arbaaz Vlogs (Mohd Arbaz Khan)” के नाम से संचालित है।
iPhone मंगाने का दबाव और ₹80,000 का झूठा आरोप
शिकायत के अनुसार, अभियुक्त Rahim Khan, निवासी जनपद मुज़फ्फरनगर (उ.प्र.), ने Instagram DM के माध्यम से संपर्क कर फॉरेन से iPhone मंगाने का दबाव बनाया। बार-बार अनुरोध के बाद पीड़ित सशर्त रूप से सहमत हुए।
भुगतान विवरण साझा करने पर अभियुक्त द्वारा दिनांक 14 जनवरी को केवल ₹1 (एक रुपया) ही ट्रांसफर किया गया। बाद में बातचीत बंद होने पर अभियुक्त ने अचानक गाली-गलौच शुरू कर दी और पीड़ित पर ₹80,000 की ठगी का झूठा आरोप लगाने लगा।
ऑडियो कॉल में ₹1 भेजने की स्वीकारोक्ति
पीड़ित का आरोप है कि अभियुक्त ने ऑडियो कॉल पर स्वयं स्वीकार किया कि उसने केवल ₹1 ही भेजा है और ₹80,000 का कोई भुगतान नहीं किया। इस संबंध में ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट के स्क्रीनशॉट पीड़ित के पास साक्ष्य के रूप में मौजूद हैं।
माता के लिए अश्लील भाषा, मानहानि और मोबाइल नंबर सार्वजनिक
आवेदन के अनुसार, अभियुक्त ने पीड़ित की माता के लिए भी अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद Instagram स्टोरी के माध्यम से झूठा आरोप लगाकर पीड़ित की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाया गया।
इतना ही नहीं, अभियुक्त ने पीड़ित का निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से पोस्ट कर दिया, जिसे वे पिछले 13 वर्षों से उपयोग कर रहे हैं। इसे गंभीर साइबर अपराध बताया गया है।
जान से मारने की धमकी
मामले को और गंभीर बनाते हुए अभियुक्त ने अपने Instagram अकाउंट से gun-shoot स्टाइल की स्टोरी डालकर बिना बोले जान से मारने की धमकी दी और उसमें पीड़ित को mention भी किया। इससे पीड़ित और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित का कहना है कि अभियुक्त का उद्देश्य झूठी प्रसिद्धि पाना, बदनाम करना और सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाना है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि इस पूरे मामले में मानहानि, साइबर अपराध, धमकी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।






