लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से शनिवार को सक्सेस मिशन क्लब, काशीपुर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं युवतियों ने भाग लेकर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना गोयल, जिला युवा अधिकारी, माय भारत समस्तीपुर ने कहा कि मादक पदार्थ, तंबाकू, सिगरेट और अन्य प्रकार का नशा शरीर के लिए बेहद हानिकारक है। इसके सेवन से व्यक्ति को शारीरिक के साथ-साथ मानसिक क्षति भी होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
वहीं नीरजेश कुमार, डीपीओ नमामि गंगे, जिला प्रशासन समस्तीपुर ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को बचाने और दूसरों को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को खोखला करने के साथ पूरे समाज और देश को भी प्रभावित कर रहा है। इसके कारण तन और धन दोनों की बर्बादी होती है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर स्लोगन लेखन एवं हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें युवाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम का संचालन सक्सेस मिशन क्लब के संस्थापक सदस्य विकास कुमार एवं रामविनय कुमार ने किया। कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवकों के साथ क्लब के सैकड़ों युवा एवं युवतियों ने भाग लेकर नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को सफल बनाया।











