लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । बिहार राज्य अनुरक्षक संघ, समस्तीपुर की विस्तारित बैठक रविवार को वारिसनगर के मथुरापुर स्थित निजी विद्यालय के प्रांगण जूटमिल रोड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अरुण कुमार राय ने की, जबकि संचालन रवि शंकर कुमार पटेल ने किया। बैठक में नल-जल योजना में कार्यरत अनुरक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संघ की ओर से नल-जल योजना में चयनित अनुरक्षकों को नियमित करने, बकाया मानदेय का भुगतान कराने तथा अनुरक्षकों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई गई। साथ ही नगर निगम और पीएचईडी विभाग में ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग भी की गई।
संघ ने मांग की कि पंचायती राज विभाग से चयनित अनुरक्षकों को नगर निगम समस्तीपुर में स्थानांतरित कर यथावत रखा जाए। नगर निकाय क्षेत्र में आने वाले नल-जल योजना के अनुरक्षकों एवं कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान कराने और उन्हें नियमित करने की मांग भी बैठक में प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा अनुरक्षकों के मानदेय का भुगतान व्यक्तिगत बैंक खाते में सीधे कराने, नल-जल योजना के उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने तथा बिहार के सभी भूमिदाता अनुरक्षकों को बिना शर्त नियमित करने की मांग की गई।
बैठक में संघ के जिला अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि जितेंद्र कुमार कुशवाहा तथा जिला सचिव विष्णुदेव महतो के अलावा प्रभाकर कुमार झा, अजय कुमार पासवान, उमेश कुमार राय, चंद्रदीप कुमार, अर्जुन पासवान, जनार्दन पंडित, रामकुमार पासवान, मनीष कुमार, ललिता देवी, उषा देवी, सुशील कुमार झा, मुकेश कुमार महतो, कृष्ण देव कुमार, संजय कुमार झा, सौरव कुमार, सतीश कुमार सहित अन्य अनुरक्षक मौजूद रहे।







