नावकोठी. प्रखंड के रजाकपुर वार्ड नंबर 11 में शनिवार अहले सुबह चापाकल पर बर्तन धोने गई एक महिला को विषैले सांप ने डंस लिया.घटना के बाद पीड़िता को पीएचसी नावकोठी लाया गया,डिब्बे में लाये सांप को देखने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी. जानकारी के अनुसार रजाकपुर निवासी शहजादी खातून, पिता मो. जिब्राइल सुबह घर के चापाकल पर बर्तन धोने गई थीं. इसी दौरान वहां छिपे एक विषैले सांप ने उनके हाथ में डंस लिया. परिजन आनन-फानन में घायल महिला को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,नावकोठी पहुंचे.परिजन सांप को भी पकड़कर साथ लाए थे. इलाज के दौरान अचानक डब्बे से सांप निकलकर अस्पताल परिसर में भाग गया, जिससे मरीजों और कर्मियों में हड़कंप मच गया.इसी बीच नावकोठी वार्ड नंबर 12 के वार्ड सदस्य सलमान खान की नजर सांप पर पड़ी. उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर डब्बे में बंद कर दिया.वार्ड सदस्य की इस सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टल गयी. वहीं शहजादी खातून की हालत को देखते हुए पीएचसी के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं.उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर, चापाकल, झाड़ियों एवं अंधेरे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें. सांप के काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं.





