Home / News / जब आसमान टूटा और ज़मीन बहने लगी: पंजाब में जलजले ने मचाई तबाही, नदियाँ लील रहीं घर-परिवार….

जब आसमान टूटा और ज़मीन बहने लगी: पंजाब में जलजले ने मचाई तबाही, नदियाँ लील रहीं घर-परिवार….

पंजाब इस वक्त एक बड़े जल संकट से जूझ रहा है। दशकों बाद आई इस बाढ़ ने अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन और कपूरथला जैसे जिले बुरी तरह प्रभावित कर दिए हैं। बुधवार को हुई तेज बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी ने रावी, सतलुज और ब्यास जैसी नदियों को उफान पर ला दिया। नतीजा यह हुआ कि सैकड़ों गांव पानी में डूब गए, खेत खलिहान तबाह हो गए और लाखों लोग अपने घर-आशियाने छोड़कर सुरक्षित जगहों की ओर जाने को मजबूर हो गए।

इस मुश्किल घड़ी में सेना, बीएसएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस दिन-रात राहत और बचाव के काम में लगे हैं। हेलिकॉप्टर से लेकर नाव और स्पेशल वाहनों तक हर साधन का इस्तेमाल किया जा रहा है। फिर भी कई जगहों से दुखद खबरें आ रही हैं। पठानकोट में एक ही परिवार के चार लोग पानी में बह गए, जिनमें से नौ साल की मासूम बच्ची का शव मिला, लेकिन बाकी अब तक लापता हैं। खडूर साहिब में भी दो लोगों की जान चली गई।

अब तक 5,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सिर्फ गुरदासपुर और फिरोजपुर में ही 2000-2000 लोगों को बाहर निकाला गया है। राहत शिविरों में हजारों लोग शरण लिए हुए हैं, लेकिन हालात अब भी बेहद गंभीर हैं। गुरदासपुर में तो ड्रोन के जरिए बाढ़ग्रस्त गांवों तक खाने-पीने का सामान पहुंचाना पड़ा। पौंग डैम और भाखड़ा डैम में पानी का स्तर अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है और लगातार पानी छोड़े जाने से खतरा और बढ़ रहा है।

सेना ने अपने आधुनिक संसाधन भी इस मिशन में झोंक दिए हैं। रूद्र और चिनूक हेलिकॉप्टरों के साथ अब खास “स्पेशल मोबिलिटी व्हीकल” भी पानी में उतारे गए हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्दी बचाया जा सके। अमृतसर और सुल्तानपुर लोधी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में इनका इस्तेमाल हो रहा है। लांसियां गांव के पास एक छोटे टापू पर फंसे 27 लोगों को चीता हेलिकॉप्टर ने जैसे फिल्मी अंदाज में एयरलिफ्ट कर जान बचाई। वहीं, फिरोजपुर में राहत कार्य के दौरान नाव पलट गई थी, लेकिन गनीमत रही कि सेना और बीएसएफ के जवानों ने सभी को सही-सलामत बाहर निकाल लिया। पंजाब की ये तस्वीरें बताती हैं कि हालात कितने भयावह हैं, लेकिन राहत और बचाव में जुटे जवानों की हिम्मत भी उतनी ही बड़ी है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now