पटना में शनिवार को सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब कांग्रेस की सभा में राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने का मामला सामने आया। बिहार के दरभंगा जिले में राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां को भद्दी गाली देने वाले मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले को लेकर पहले साइबर थाना में सनहा दर्ज कराया गया था। उसी सनहा के आधार पर सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही माहौल गरमा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, वहीं बीजेपी समर्थक मौके पर पहुँचकर हंगामे में कूद पड़े। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चले, ईंट-पत्थर फेंके गए और पूरा इलाका रणभूमि में बदल गया।
हंगामे को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं और दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नज़र रखी जा रही है।
यह विवाद अब सियासी तकरार का बड़ा मुद्दा बन चुका है। कांग्रेस जहां इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बता रही है, वहीं बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके मंच से PM को गाली देना लोकतंत्र का अपमान है।






