झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
खानपुर-बकानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में आज बकानी में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों के मुआवजे एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं पैदल मार्च आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक महाधरने ने प्रशासनिक तंत्र को जनता के सवालों का जवाब देने के लिए मजबूर कर दिया।
बस स्टैंड से तहसील तक निकला जनसैलाब
धरना-प्रदर्शन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के आमजन की भारी भीड़ बकानी बस स्टैंड पर एकत्रित हुई, जहां से विधायक सुरेश गुर्जर के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचा गया। पूरे मार्ग में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता ने अपनी समस्याओं को मुखरता से उठाया।
तहसील परिसर बना जन-अदालत
तहसील कार्यालय पहुंचने के बाद आयोजित धरने में विधायक सुरेश गुर्जर ने मंच से ही बिजली विभाग, जलदाय विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जनता के बीच जवाब मांगा।
पानी की समस्या और फर्जी बिलों पर सख्त नाराजगी
विधायक ने जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता चिरौंजीलाल को मौके पर बुलाकर क्षेत्र में पेयजल संकट, टैंकर व्यवस्था एवं कथित फर्जी बिल भुगतान के मामलों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता पानी के लिए परेशान है और यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
महिला चिकित्सक की नियुक्ति को लेकर CMHO से बात
धरना स्थल पर बकानी सीएचसी में महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ के लंबे समय से रिक्त पद का मुद्दा उठाया गया। विधायक सुरेश गुर्जर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान से दूरभाष पर बात कर तत्काल महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की। CMHO ने शीघ्र ही महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
89 मेगा हाईवे की बदहाल स्थिति पर चेतावनी
विधायक ने 89 मेगा हाईवे पर बने गहरे गड्ढों और खराब सड़क की स्थिति पर PWD अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सड़क की जर्जर हालत के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। अधिकारियों ने शीघ्र मरम्मत कार्य करवाने का आश्वासन दिया।
किसानों के मुआवजे और सफाई व्यवस्था का मुद्दा
धरने में किसानों की खराब फसलों के उचित मुआवजे की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। वहीं पंचायत क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की शिकायतों पर पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बकानी अध्यक्ष भरत चतुर्वेदी, बकानी मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह गुर्जर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश बाफना, रटलाई मंडल अध्यक्ष सीताराम लोधा, छगन सिंह गुर्जर, घनश्याम पाटीदार, जिला कांग्रेस नेता कालूलाल लोधा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बकानी अल्ताफ हुसैन नीलगर, सत्यनारायण श्रृंगी, मोहम्मद अनीस अगवान, कैलाश पालीवाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा, उज्ज्वल कुशवाह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष वाजिद नागौरी, जिला उपाध्यक्ष हबीब खान पठान, विनोद शर्मा, निक्की शर्मा, धर्मराज गुर्जर रामपुरिया, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष रजिया बाई, जीतू शर्मा मोदी, कलावती पांचाल, गोपाल राठौर, ललित मेहर, नेमीचंद कुशवाह, तालिब अख्तर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







