(रिपोर्ट-नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)
विश्वकर्मा महासभा ने रसड़ा तहसील क्षेत्र में एक बैठक आयोजित की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रसड़ा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आभार पत्र भेजा। इसके साथ ही, समाज के भूमिहीन परिवारों के लिए आवासीय पट्टे की मांग भी की गई महासभा द्वारा भेजे गए आभार पत्र में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विश्वकर्मा समाज को हमेशा सम्मान दिया है। केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों में समाज के प्रतिनिधियों को मंत्री, राज्यसभा सांसद, दर्जा प्राप्त मंत्री और आयोगों में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर समाज का गौरव बढ़ाया गया है विशेष रूप से, उत्तर प्रदेश सरकार में एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और वाराणसी जिले के जिलाध्यक्ष को 10 मई 2026 को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाकर सरकार ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसके लिए संपूर्ण विश्वकर्मा समाज ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है आभार व्यक्त करने के साथ ही, संगठन ने उपजिलाधिकारी रसड़ा को एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा। इसमें क्षेत्र के गरीब परिवारों की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि रसड़ा तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों और नगर पालिका सीमा में बड़ी संख्या में लोहार और बढ़ई (विश्वकर्मा समाज) के लोग भूमिहीन हैं। स्थायी आवासीय भूमि न होने के कारण ये परिवार अपने पारंपरिक पुश्तैनी व्यवसाय (लोहे और लकड़ी का काम) को ठीक से नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है महासभा ने उपजिलाधिकारी से आग्रह किया है कि वे अपने विवेक का प्रयोग करते हुए इन पीड़ित भूमिहीन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके परिवार के पालन-पोषण के लिए 3-3 डिसमिल भूमि का आवासीय पट्टा आवंटित करें।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मार्कण्डेय शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, विश्वकर्मा महासभा – उत्तर प्रदेश एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के प्रतिनिधि), अश्वनी कुमार शर्मा, विनोद शर्मा, छोटेलाल शर्मा, विन्ध्याचल शर्मा, अनिल शर्मा, उमाशंकर शर्मा ‘मलेशिया’, धर्मेन्द्र शर्मा, प्रेमचन्द्र शर्मा और कपिल मुनि विश्वकर्मा आनंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।







