झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
कृषि विज्ञान केन्द्र, झालावाड़ में दिनांक 18 मई से 24 मई तक 07 दिवसीय संस्थागत प्रशिक्षण कार्यक्रम “सिलाई कौशल द्वारा उद्यमिता विकास’’ का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति की कुल 25 महिला प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सिलाई कौशल विकसित कर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है।
केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. संतोष झाझड़िया ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को संबोधित कर बताया कि सिलाई कौशल को यहां सीखकर उद्यम की तरह स्थापित कर स्वरोजगार सृजन कर आमदनी प्राप्त की जा सकती है।
प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. तूलिका आचार्य ने प्रशिक्षण की रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि सिलाई कौशल महिलाओं के लिए वर्तमान में घर बैठे ही अच्छी आय अर्जित करने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई मशीन के मूलभागों की जानकारी व मशीन फिटिंग, ड्राफ्टिंग की विधि, कपड़े की सही कटिंग तकनीक तथा सिलाई करने के उचित तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया एवं व्यावहारिक रूप से सिखाया गया।
श्रीमती प्रार्थना सुमन, प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न प्रकार के वस्त्रों की सिलाई का सहज एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा सिलाई से संबंधित आवश्यक तकनीकों को सरल एवं प्रभावी तरीके से सिखाया गया।
प्रशिक्षण में महिलाओं को कपड़ो से संबंधित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार करना सिखाया गया। इसमें विभन्न प्रकार के झोले, बैग, एप्रीन, टोपी, तकियाखोल, साड़ी, बैग एवं ब्लाउज कवर, पोटली पर्स, ब्लाउज, पेटिकोट, बच्चों के कपड़े एवं अन्य घरेलू उपयोग के वस्त्रों की सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अतिरिक्त सहभागी महिलाओं को केन्द्र द्वारा सिलाई मशीनें एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी वितरित कर प्रोत्साहित किया गया, जिससे वे प्रशिक्षण में अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन सके। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान कई तकनीकों को सीखने में विशेष रूचि दिखाई तथा भविष्य में इन कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार अपनाने की प्रबल इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन पर सिलाई प्रतिभागियों के उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ हुआ।







