Home / News / जगतसिंहपुर बांध पर नाबालिग से अभद्रता का वायरल वीडियो, छह घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

जगतसिंहपुर बांध पर नाबालिग से अभद्रता का वायरल वीडियो, छह घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क पर लड़की के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में समस्तीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान वीडियो सामने आया, जिसमें 3-4 लोगों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए देखा गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो का तकनीकी सत्यापन कराया। सत्यापन के आधार पर घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर स्थित बांध के पास सड़क के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है। वीडियो में दिखाई दे रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है।

पीड़िता की तत्काल पहचान स्थापित नहीं होने और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान पर भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट एवं आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले में शामिल सभी चार आरोपियों की पहचान कर सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी जगतसिंहपुर और एक बिजौलिया गांव का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या उसकी मानसिक एवं सामाजिक क्षति पहुंचाने वाले किसी भी पोस्ट अथवा कंटेंट को सोशल मीडिया पर साझा न करें।

Tagged:
[post-views]
Share
Now