बरेली। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव ज्यौरा मकरंदपुर में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
पीड़ित भगवानदास के अनुसार, गांव के ही चेतराम, हेमंत, अमित और अभिषेक पर खेत की मेड़ काटने का आरोप है। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। गुरुवार सुबह आरोपियों ने फिर से मेड़ काट दी। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया।
हमले में रीना देवी, रामकली, अनीता, कविता और भगवानदास घायल हो गए। रीना देवी को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार कराया गया।
घायलों ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खेत की मेड़ को लेकर खूनी संघर्ष, पांच घायल





