कोरबा// जिले के ग्राम पंचायत नानपुलाली के आश्रित ग्राम नवापारा में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन के निर्माण स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। गांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आंगनबाड़ी भवन का निर्माण प्राथमिक शाला नवापारा के परिसर के अंदर कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पति द्वारा ग्रामवासियों को बिना जानकारी दिए मनमाने तरीके से खसरा नंबर 307/1 में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए ले-आउट करा दिया गया है। इस निर्णय से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी भवन का निर्माण प्राथमिक शाला परिसर में होने से बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और संचालन भी सुचारू रूप से हो सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित खसरा नंबर 307/1 में ग्राम देवता महामाया, बूढ़ादेव और थोलागवटिया स्थित हैं, जहां वर्ष में दो बार नवरात्रि सहित धार्मिक आयोजन लगभग 15-15 दिनों तक किए जाते हैं। ग्रामीण इस स्थान को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का बताते हुए संरक्षित रखना चाहते हैं।
इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि उक्त भूमि को भविष्य में सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए सुरक्षित रखने की योजना है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि खसरा नंबर 307/1 पर पहले से बने अहाते को सरपंच पति द्वारा तुड़वा दिया गया है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि आंगनबाड़ी भवन का निर्माण प्राथमिक शाला नवापारा के परिसर के अंदर कराया जाए तथा मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षर सहित आवेदन प्रशासन को सौंप दिया है।
अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट6261129010







