Home / Updates / उपराष्ट्रपति चुनाव 2025: बी सुदर्शन रेड्डी ने सांसदों को भावुक अपील, लोकतंत्र बचाने का संदेश…..

उपराष्ट्रपति चुनाव 2025: बी सुदर्शन रेड्डी ने सांसदों को भावुक अपील, लोकतंत्र बचाने का संदेश…..

देश में 9 सितंबर 2025 को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। विपक्ष के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी सुदर्शन रेड्डी ने सांसदों से अपील की है कि यह चुनाव सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की रक्षा का मौका है।

रेड्डी ने कहा, “मेरी उम्मीदवारी किसी निजी महत्वाकांक्षा के लिए नहीं है। यह हमारे लोकतांत्रिक गणराज्य की आत्मा बचाने की कोशिश है। लोकतंत्र टकराव पर नहीं, सहयोग पर चलता है। मेरी ताकत सुनने, समझाने और सहमति बनाने में है।”

सांसदों से की ये बड़ी अपील

रेड्डी ने सांसदों से कहा कि वे इस चुनाव को केवल मतदान की प्रक्रिया न समझें, बल्कि इसे लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के रूप में देखें। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्यसभा ऐसा मंच होना चाहिए, जहां राष्ट्रीय हित और संवैधानिक मूल्यों दलगत राजनीति से ऊपर हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी व्यक्तिगत समर्थन के लिए नहीं बल्कि संवैधानिक मूल्यों और देशभक्ति के लिए अपील कर रहे हैं। साथ ही याद दिलाया कि इस चुनाव में पार्टी व्हिप नहीं होता, इसलिए सांसदों को अपने वोट देश और लोकतंत्र के लिए देने चाहिए।

बी सुदर्शन रेड्डी कौन हैं?

बी सुदर्शन रेड्डी ने लंबे समय तक सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के लिए संघर्ष किया है। वे आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के जज, गुवाहाटी हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रह चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट में रहते हुए उन्होंने कई अहम फैसले दिए, जैसे कालेधन मामलों की जांच और सलवा जुडुम को असंवैधानिक ठहराना

विपक्ष इस चुनाव को विचारधारा की लड़ाई बता रहा है। हालांकि बहुमत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पक्ष में है।

मतदान कब और कहां होगा?

उपराष्ट्रपति चुनाव का मतदान 9 सितंबर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान संसद भवन, कमरे नंबर F-101, वसुधा में होगा। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 6 बजे शुरू होकर तुरंत परिणाम घोषित किया जाएगा।

इस चुनाव में कुल 788 सांसद (वर्तमान में 781 सक्रिय) मतदान करेंगे, जिसमें 233 राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य, 12 नामित सदस्य और 543 लोकसभा के निर्वाचित सदस्य शामिल हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now