Home / News / पिता की डांट से नाराज होकर मुंबई भाग रहा था 15 वर्षीय किशोर, कैंट पुलिस ने 2 घंटे में किया सकुशल बरामद

पिता की डांट से नाराज होकर मुंबई भाग रहा था 15 वर्षीय किशोर, कैंट पुलिस ने 2 घंटे में किया सकुशल बरामद

बरेली। पिता की डांट और थप्पड़ से नाराज होकर घर छोड़ मुंबई जाने के लिए निकले 15 वर्षीय किशोर को कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया तथा किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना कैंट क्षेत्र के एक परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने बताया कि किशोर पिता की डांट और थप्पड़ से नाराज था। घर से निकलते समय वह करीब 10 हजार रुपये भी साथ ले गया था। पूछताछ में यह भी पता चला कि किशोर मुंबई जाकर अपने सपने पूरे करने की योजना बना रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने किशोर की तलाश के लिए सर्विलांस टीम और स्थानीय सूचना तंत्र को लगाया। विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की गई और उसके मोबाइल की लोकेशन को ट्रैक किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को किशोर की लोकेशन इज्जतनगर रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घर छोड़कर मुंबई जाने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने किशोर के परिजनों को सूचना देकर थाने बुलाया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बेटे को सुरक्षित वापस लाने के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
कैंट पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को सतर्क और संवेदनशील पुलिसिंग का एक उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है, जिसने समय रहते एक किशोर को भटकने से बचा लिया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now