Home / News / बरेली में युवक की मौत पर बवाल, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

बरेली में युवक की मौत पर बवाल, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

बरेली, उत्तर प्रदेश। जिले के देवरनिया थाना क्षेत्र में पूछताछ के लिए थाने लाए गए एक व्यक्ति की मौत के बाद सोमवार देर शाम तनाव की स्थिति बन गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने पर प्रदर्शन किया तथा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में कर्णन गांव निवासी युवक के परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस मृतक फुरकान (45) को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। बताया जा रहा है कि फुरकान शुगर के मरीज थे। पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उन्हें घर छोड़ आई, लेकिन कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। देर शाम वे शव लेकर देवरनिया थाने पहुंचे और पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए, जिससे हंगामे की स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया।

इस बीच, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं, परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है और मामले की जांच जारी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now