राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को बिहार में मीडिया से बातचीत के दौरान कुशवाहा ने कहा कि अगर राहुल गांधी के हाथ में होता तो वे अब तक सरकार गिरा चुके होते, लेकिन उन्हें भी पता है कि उनके बयानों का कोई असर नहीं है।
कुशवाहा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार ऐसे बयान देते हैं ताकि वह खबरों में बने रहें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कुछ भी कहें, उससे सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। कुशवाहा ने साथ ही कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और प्रधानमंत्री देश के लिए काम कर रहे हैं।
खरगे और तेजस्वी पर भी निशाना
उपेंद्र कुशवाहा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खरगे वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
वहीं, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बयान पर भी कुशवाहा ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और इसी वजह से बयानबाजी कर रहे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा की इन टिप्पणियों के बाद बिहार की राजनीति में राहुल गांधी, कांग्रेस और आरजेडी को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।





