Home / National / शेयर बाजार में ट्रंप टैरिफ का झटका! सेंसेक्स 508 अंक गिरा, निफ्टी लुढ़का,इन सेक्टर्स के स्टॉक टूटे…

शेयर बाजार में ट्रंप टैरिफ का झटका! सेंसेक्स 508 अंक गिरा, निफ्टी लुढ़का,इन सेक्टर्स के स्टॉक टूटे…

गुरुवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। दरअसल, भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 25% अतिरिक्त शुल्क लगा दिया है। यह टैक्स बुधवार से लागू हो चुका है, जिससे अब भारत पर कुल आयात शुल्क 50% हो गया है। इसका असर सीधा निवेशकों की धारणा पर पड़ा और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली ने दबाव और बढ़ा दिया। नतीजतन, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 508 अंक लुढ़ककर 80,278 पर आ गया, जबकि निफ्टी भी 157 अंक टूटकर 24,554 पर फिसल गया।

टॉप गेनर और लूजर
आज एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, सन फार्मा, एनटीपीसी और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं, एटरनल, एशियन पेंट्स, टाइटन, मारुति और एलएंडटी जैसे शेयरों में तेजी रही।

जानकार क्या कह रहे हैं?
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ स्ट्रैटेजिस्ट वी. के. विजयकुमार का कहना है कि यह 50% टैरिफ फिलहाल बाजार पर दबाव बनाएगा, लेकिन इसे अस्थायी माना जा रहा है और उम्मीद है कि हालात जल्द सुधरेंगे। उनका मानना है कि असली चुनौती अभी बाजार के ऊंचे वैल्यूएशन और कमजोर आय वृद्धि है। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों की मजबूत खरीदारी बाजार को संभाल रही है।

रुपया में हल्की मजबूती
इस बीच, करेंसी मार्केट से अच्छी खबर आई है। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे चढ़कर 87.59 पर पहुंच गया। रुपया को कमजोर डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की नरम कीमतों से सहारा मिला है। साथ ही, आरबीआई ने रुपये को रिकॉर्ड निचले स्तर पर जाने से रोकने के लिए कदम उठाए, जिससे भी लोकल करेंसी को सपोर्ट मिला।

Tagged:
[post-views]
Share
Now