दिल्ली के 20 से ज्यादा कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। चाणक्यपुरी स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत लगभग 20 कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल रिसीव हुए हैं, जिनकी जानकारी पुलिस विभाग को दी गई तो हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमें आनन-फानन में बम और डॉग स्क्वायड को लेकर कॉलेजों में पहुंची। सर्च ऑपरेशन में कॉलेजों के अंदर कोई संदिग्ध चीज या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और धमकी फर्जी निकली। पुलिस ने शक जताया है कि धमकी भरा ईमेल भेजने वाले ने VPN का इस्तेमाल किया था।
8 दिन पहले भी आए थे धमकी भरे ईमेल
बता दें कि पिछले 5 दिन में 100 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और अस्पताल को बार-बार धमकी मिलने का मामला गंभीर मुद्दा बन गया है। गत 20 अगस्त को भी दिल्ली के 50 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले थे। नजफगढ़, मालवीय नगर, प्रसाद नगर, करोल बाग समेत कई इलाको के स्कूलों में धमकी भरे ईमेल आए थे, जिन पर दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया था।






