चित्तौड़गढ़ में दर्दनाक हादसा: गूगल मैप के बताए रास्ते ने छीनी 3 जिंदगियां
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। गूगल मैप के बताए रास्ते पर जा रहे परिवार की वैन अचानक तेज बहाव में बह गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची को सुरक्षित निकाल लिया गया।
हादसे में बाल-बाल बचे 16 वर्षीय हितेश ने घटना की आपबीती सुनाते हुए कहा, “वैन बहाव के साथ बहने लगी। हम सब गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। मैंने भाभी और बहन का हाथ पकड़ रखा था, लेकिन अचानक तेज बहाव में हाथ छूट गया। मोबाइल से साथियों को लोकेशन भेजी, कॉल किया, लेकिन अफसोस हम अपने परिवार को नहीं बचा पाए।”
हितेश के अनुसार, वह और उसके भाई परिवार को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे थे, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण सब कुछ कुछ ही पलों में खत्म हो गया।
गौरतलब है कि गूगल मैप के बताए शॉर्टकट रास्ते से गुजरते वक्त यह परिवार हादसे का शिकार हुआ। मृतकों में बहन, भाभी और भतीजी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक रास्तों पर उचित चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।






