Home / News / गांव के मुखिया को मिला लालकिला में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का गौरव

गांव के मुखिया को मिला लालकिला में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का गौरव

रोशन गुप्ता की खास रिपोर्ट गोविंदपुर नवादा
गोविंदपुर/नवादा – जल जीवन मिशन के तहत पूरे देश के 100 चयनित मुखियाओं में शामिल होने का सम्मान इस बार बिहार के 16 मुखियाओं को मिला है, जिनमें नवादा जिले से दो का चयन हुआ है। इनमें गोविंदपुर प्रखंड के माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव का नाम शामिल है। यह जिला एवं प्रखंड के लिए गर्व का विषय है कि मुखिया प्रिंस कुमार को भारत सरकार ने आगामी स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लालकिला में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है, जहाँ वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होंगे।

मुखिया प्रिंस कुमार के साथ उनकी पत्नी बबिता कुमारी भी समारोह में मौजूद रहेंगी। इस सम्मान के बारे में उन्होंने कहा कि यह केवल उनका नहीं बल्कि पूरे पंचायत और प्रखंड का सामूहिक गौरव है। उन्होंने इसे पंचायत के जल प्रबंधन, स्वच्छता, पोषण और बुनियादी ढांचा विकास के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।

पंचायत में स्वच्छता अभियान, नल-जल योजना, वर्षा जल संचयन, आहार-पोषण एवं तालाबों की खुदाई, गली-नाली निर्माण जैसे कार्यों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जलस्तर में बढ़ोतरी और पेयजल संकट के काफी हद तक समाधान को उन्होंने अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।

गांव के लोग बताते हैं कि मुखिया प्रिंस कुमार उन चुनिंदा जनप्रतिनिधियों में से हैं जो किसी से ₹1 तक का कमीशन नहीं लेते। यही वजह है कि उनकी छवि ईमानदार और विकास के प्रति समर्पित नेता के रूप में बनी हुई है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जनता के हित को सर्वोपरि रखने का उनका संकल्प पंचायत में मिसाल बन चुका है।

मुखिया प्रिंस कुमार ने श्रेय पंचायत वासियों और पंचायत राज विभाग को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सहयोग से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि लालकिला में स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण होगा। यह अवसर उन्हें न केवल उनके कार्यों की मान्यता के रूप में मिला है, बल्कि इससे पंचायत के हर नागरिक का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now