Home / News / शिक्षा के लिए सहयोग करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य – जिला कलक्टर

शिक्षा के लिए सहयोग करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य – जिला कलक्टर

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

विद्यालय विकास में आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का किया सम्मान

झालावाड़, 29 जून। शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले में विद्यालयों के विकास हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों के सम्मान में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में दिया गया योगदान समाज के भविष्य को संवारने का कार्य करता है। विद्यालयों के विकास के लिए आर्थिक सहयोग देना केवल दान नहीं, बल्कि एक पुण्य और सामाजिक उत्तरदायित्व का कार्य है।

उन्होंने कहा कि भामाशाहों के सहयोग से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो पाता है।

जिला कलक्टर ने कहा कि समाज और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए अन्य लोगों से भी शिक्षा के लिए आगे आने और सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं भामाशाहों का स्वागत करते हुए कहा कि जिले में कई भामाशाह विद्यालयों के विकास में बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं, जिससे सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इनका हुआ सम्मान

जिले में विद्यालय विकास हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने पर निम्न भामाशाहों का श्रीफल, शॉल व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया।

  • विनय मालव द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारोलाकला, खानपुर में दो कक्ष मय बरामदा निर्माण हेतु 22.60 लाख रुपये का सहयोग।
  • फरनिश कुमार विजय द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पचपहाड़ के विकास हेतु 3.20 लाख रुपये का सहयोग।
  • सत्यनारायण लोहार द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार डग में जल मंदिर निर्माण एवं विद्यालय विकास हेतु 2.00 लाख रुपये का सहयोग।
  • परमानन्द गुर्जर द्वारा राउप्रावि नलखेड़ी, राउमावि झीझनी, राउमावि मिश्रोली व पीएमश्री भवानीमंडी विद्यालय हेतु 1.63 लाख रुपये का सहयोग।
  • मोर सिंह द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपलोदी-मनोहरथाना के लिए 1.08 लाख रुपये का सहयोग।
  • कैलाश बाई लोधा द्वारा स्वामी श्री रामेश्वर आश्रम राउमावि गुरूकुल बकानी के विकास हेतु 1.04 लाख रुपये का सहयोग।
  • घनश्याम गुर्जर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भूमाड़ा़-बकानी के विकास हेतु 1.00 लाख रुपये का सहयोग।

प्रेरक श्रेणी में सम्मानित भामाशाह

  • राजेन्द्र कुमार सामरिया द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरोलाकला, खानपुर में दो कक्ष एवं बरामदा निर्माण हेतु 22.60 लाख रुपये के दान हेतु भामाशाह को प्रेरित किया गया।
  • मोहम्मद नावेद अंसारी द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मंगलपुरा, झालावाड़ के विकास हेतु 7 लाख रुपये के सहयोग हेतु भामाशाह को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, कार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now