आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बांका जिला को राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
बांका जिले को दो Certificate of Achievement से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में बांका जिले की ओर से यह सम्मान सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह और जिला कार्यक्रम समन्वयक पवन कुमार ने ग्रहण किया।
प्राप्त पहले प्रमाण पत्र में बांका जिले को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत Pharmacy Health Facility Registry (HFR) कवरेज में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि जिले की सरकारी एवं निजी फार्मेसियों के सफल पंजीकरण, सत्यापन और डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से एकीकरण को दर्शाती है।
वहीं दूसरा प्रमाण पत्र Health Professional Registry (HPR) के अंतर्गत उत्कृष्ट और सत्यापित सार्वजनिक कवरेज प्राप्त करने के लिए दिया गया है, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं का डिजिटल पंजीकरण सुनिश्चित हुआ है।
इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार डिजिटल हेल्थ सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी राज्य बन रहा है, और अब ये सेवाएँ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों तक भी प्रभावी रूप से पहुँच रही हैं। उन्होंने बांका जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग, बिहार ने संतोष व्यक्त किया है।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों, फार्मेसी संचालकों, डेटा एंट्री ऑपरेटरों एवं संबंधित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भविष्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट – मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में बांका जिला को राज्य स्तरीय सम्मान






