Home / News / प्रधानमंत्री को राखी भेजने वाली छ: छात्राएं सम्मानित

प्रधानमंत्री को राखी भेजने वाली छ: छात्राएं सम्मानित

सेवा सदन स्कूल कथरिया में ‘ढाई आखर पत्र लेखन’ कार्यक्रम आयोजित

(रिपोर्ट नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)

बलिया। सेवा सदन स्कूल, कथरिया में मंगलवार को डाक विभाग, बलिया मंडल की ओर से ‘ढाई आखर पत्र लेखन’ कार्यक्रम के तहत विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के साथ अधीक्षक डाकघर, बलिया मंडल राजीव कुमार श्रीवास्तव तथा डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुआ। इस दौरान अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पत्र लेखन के महत्व, भावनाओं की अभिव्यक्ति में पत्रों की भूमिका तथा डाक विभाग की सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के लिए उपलब्ध डाक योजनाओं के बारे में भी बताया। अधीक्षक डाकघर ने आगामी नवरात्र के अवसर पर विद्यालय की 20 छात्राओं के सुकन्या समृद्धि खाते अपनी ओर से खुलवाने की घोषणा की। इससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के 94 विद्यार्थियों ने ‘ढाई आखर पत्र लेखन’ में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि पत्र लेखन बच्चों को अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त करने, भाषा कौशल विकसित करने और आत्मीय संवाद की परंपरा को मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पत्र लिखने तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री को राखी भेजने वाली छात्राओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राखी भेजने वाली विद्यालय की छह छात्राओं को डाक विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। छात्राओं द्वारा भेजी गई राखियों के संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से उनके नाम पत्र भी प्राप्त हुए हैं। पत्र मिलने पर छात्राओं के साथ विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल रहा। सम्मानित छात्राओं में सीमा (यूकेजी), निशा (कक्षा 1), विशाखा (कक्षा 1), आराध्या सिंह (कक्षा 1), प्रिया (कक्षा 1) और पलक (कक्षा 3) शामिल रहीं। विद्यालय परिवार ने डाक विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम और छात्राओं के सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पत्र लेखन के प्रति रुचि विकसित करना, रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना और आत्मीय पत्राचार की परंपरा को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now