शामली के कैराना पुलिस ने पानीपत रोड पर चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार से 2 किलो 55 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ 55 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में कैराना निवासी उस्मान पुत्र दिलशाद और हिसार पुत्र मोहसिन शामिल हैं। दोनों बरेली से कैराना नशे की खेप ला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से बरामद सामान में एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और तस्करी में प्रयुक्त कार भी शामिल है।
एसपी शामली एमपी सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चल रहे ‘नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ नामक ऑपरेशन सवेरा अभियान का हिस्सा है। दोनों आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। इस मामले में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।






