महाराष्ट्र के नागपुर में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान घटी एक अजीब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में दो महिला अफसरों के बीच मंच पर ही झगड़ा हो गया। यह नज़ारा देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए, वहीं इंटरनेट पर लोगों के बीच इस घटना को लेकर खूब चर्चा हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला नागपुर में आयोजित रोजगार मेले का है। मंच पर पोस्टमास्टर जनरल शोभा मधले जो नारंगी साड़ी में थी और सुचिता जोशी ग्रे साड़ी में थी और एक ही सोफे पर बैठी थीं, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि शोभा मधले ने सुचिता जोशी को कोहनी मारी, उनका हाथ झटका और यहां तक कि चिकोटी भी काट ली। यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
बताया जा रहा है कि झगड़े की जड़ पोस्टमास्टर जनरल के चार्ज को लेकर है। शोभा मधले का 8 सितंबर को कर्नाटक के घरवाड़ में ट्रांसफर हुआ था, जिसके बाद नागपुर का चार्ज नवी मुंबई की पीएमजी सुचिता जोशी को दिया गया। हालांकि, मधले ने अपने ट्रांसफर के खिलाफ कोर्ट से स्टे ऑर्डर ले लिया था, जिससे दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। अब यह मामला चर्चा में है और माना जा रहा है कि दोनों अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कह रहे हैं कि मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन मंत्री के सामने इस तरह का बर्ताव शोभा नहीं देता।






