Home / Updates / बरेली में दिशा पाटनी के घर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा…..

बरेली में दिशा पाटनी के घर फायरिंग का सनसनीखेज खुलासा…..

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली वाले घर पर तड़के गोलियों की आवाज़ से हड़कंप मच गया। उस वक्त उनके पिता, रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, मां और बहन खुशबू घर में ही थे। बाइक से आए बदमाशों ने विदेशी पिस्टल से करीब 9 राउंड फायर कर दिए। फॉरेंसिक टीम को छत और दीवारों पर गोलियों के निशान मिले हैं।

पिता का बयान: “विदेशी पिस्टल से हमला”

जगदीश पाटनी ने बताया कि हमलावर ने देसी नहीं, बल्कि विदेशी पिस्टल का इस्तेमाल किया, जो एक बार में कई राउंड फायर कर सकती है। मौके से 9 एमएम के खोखे बरामद हुए हैं और जांच के लिए भेजे गए हैं।

सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद पाटनी परिवार ने डीएम और एसएसपी से मुलाकात कर सुरक्षा मांगी। तुरंत ही एक दीवान, तीन सिपाही और दो गनर तैनात कर दिए गए। पुलिस की साइबर और सर्विलांस टीमें भी जांच में जुटी हैं।

सोशल मीडिया पर गैंग का कबूलनामा

गोल्डी बरार गैंग के रोहित गोदारा नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि संत प्रेमानंद और अनिरुद्धाचार्य के अपमान का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया। पुलिस को शक है कि आरोपी फिलहाल देश से बाहर हैं।

खुशबू पाटनी बनीं निशाने पर

दिशा की बहन खुशबू ने हाल ही में संत अनिरुद्धाचार्य के महिलाओं पर दिए बयान की आलोचना की थी। परिवार का कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और उन्हें बेवजह विवाद में घसीटा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और एसटीएफ मिलकर गैंग के सदस्यों की तलाश कर रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोल्डी बरार गिरोह के कई सदस्य भारत से बाहर छिपे हो सकते हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now