Home / Events / नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी ब्यूरो कि रिपोर्ट

राज्य के 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में होंगे आम चुनाव

झालावाड़ जिले में 9 व 11 सितम्बर को दो चरणों में होंगे चुनाव

झालावाड़, 19 अगस्त। राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य में नगरीय निकाय के चुनाव सम्पन्न कराने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। कार्यक्रम के तहत राज्य के 309 नगरीय निकायों, जिनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद एवं 252 नगर पालिकाएं शामिल हैं, में आम चुनाव दो चरणों में सम्पन्न कराए जाएंगे। इसके साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

सदस्य पदों के लिए 27 अगस्त से शुरू होगी निर्वाचन प्रक्रिया

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि आयोग द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए चरणवार कार्यक्रम जारी किया गया है। सदस्य पदों के लिए निर्वाचन की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को जारी होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को होगी तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितम्बर 2026 (गुरुवार) अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा।

दो चरणों में होगा मतदान

सदस्य पदों के लिए प्रथम चरण का मतदान 9 सितम्बर 2026 (बुधवार) तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) को होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी निकायों की मतगणना 14 सितम्बर 2026 (सोमवार) को होगी।

झालावाड़ जिले में दो चरणों में होंगे नगरीय निकाय चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चरणवार कार्यक्रम के अनुसार झालावाड़ जिले के सभी 8 नगरीय निकायों के दो चरणों में चुनाव सम्पन्न होंगे। जिले के 240 वार्डों के लिए मतदान कराया जाएगा। प्रथम चरण में चार नगरीय निकायों तथा द्वितीय चरण में चार नगरीय निकायों में मतदान होगा।

प्रथम चरण में 9 सितम्बर को मतदान

प्रथम चरण में नगर परिषद झालावाड़ के 45 वार्ड, नगर पालिका झालरापाटन के 35 वार्ड, नगर पालिका भवानीमंडी के 40 वार्ड तथा नगर पालिका डग के 20 वार्ड में मतदान होगा। इस प्रकार प्रथम चरण में जिले के कुल 140 वार्डों में मतदान कराया जाएगा।

द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को मतदान

द्वितीय चरण में नगर पालिका खानपुर के 25 वार्ड, नगर पालिका अकलेरा के 35 वार्ड, नगर पालिका मनोहरथाना के 20 वार्ड तथा नगर पालिका पिड़ावा के 20 वार्ड में मतदान होगा। इस प्रकार द्वितीय चरण में जिले के कुल 100 वार्डों में मतदान कराया जाएगा।

झालावाड़ जिले में 1.66 लाख से अधिक ड्राफ्ट मतदाता

झालावाड़ जिले के नगरीय निकायों से संबंधित उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता आंकड़ों के अनुसार जिले के 8 नगरीय निकायों में कुल 240 वार्ड और 245 मतदान केंद्र हैं। इन निकायों में कुल 1,66,426 ड्राफ्ट मतदाता दर्ज हैं। इनमें 83,990 पुरुष, 82,429 महिला तथा 7 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

निकायवार स्थिति के अनुसार डग में 20 वार्ड एवं 20 मतदान केंद्रों पर 11,191, झालरापाटन में 35 वार्ड एवं 35 मतदान केंद्रों पर 29,362, खानपुर में 25 वार्ड एवं 25 मतदान केंद्रों पर 12,892, मनोहरथाना में 20 वार्ड एवं 20 मतदान केंद्रों पर 8,452, अकलेरा में 35 वार्ड एवं 35 मतदान केंद्रों पर 16,408, भवानीमंडी में 40 वार्ड एवं 40 मतदान केंद्रों पर 32,603, झालावाड़ में 45 वार्ड एवं 50 मतदान केंद्रों पर 45,665 तथा पिड़ावा में 20 वार्ड एवं 20 मतदान केंद्रों पर 9,853 ड्राफ्ट मतदाता दर्ज हैं।

अध्यक्ष पद के लिए 15 सितम्बर से निर्वाचन प्रक्रिया

नगरीय निकायों के अध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन की लोक सूचना 15 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को जारी होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितम्बर 2026 (बुधवार), नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितम्बर 2026 (गुरुवार) तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर 2026 (शुक्रवार) अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इसके पश्चात् चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा।

अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितम्बर 2026 (सोमवार) को होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी।

उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन 22 सितम्बर को

उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10 बजे होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतीकरण प्रातः 11 बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से तथा अभ्यर्थिता वापसी अपराह्न 2 बजे तक होगी। आवश्यकता होने पर मतदान अपराह्न 2.30 बजे से सायं 5 बजे तक कराया जाएगा तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात होगी।

नियंत्रण कक्ष स्थापित

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत चुनाव कन्ट्रोल रूम (नियंत्रण कक्ष) स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07432-230645 एवं 230646 रहेंगे। यह नियंत्रण कक्ष 24 घन्टे कार्यरत रहेगा जिसमें नगरीय निकायों के आम चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं संदेश के आदान-प्रदान तथा शिकायतों के संधारण का कार्य किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now