धक्का-मुक्की कर गिराने की भी शिकायत, उरगा पुलिस ने धारा 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया अपराध
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कराईनारा में पटेल समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। गांव के 84 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवराम पटेल ने ग्राम पंचायत के उपसरपंच दीपक पटेल पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और धक्का-मुक्की करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भूमिपूजन के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, शिवराम पटेल पिता लक्ष्मीनारायण पटेल निवासी ग्राम कराईनारा ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे गांव में पटेल समाज के नए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम पंचायत कराईनारा के उपसरपंच दीपक पटेल मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए निर्धारित स्थान पर निर्माण नहीं करने की बात कहते हुए विरोध का कारण पूछा। इसी बात को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू हो गई।
धक्का-मुक्की कर गिराने का आरोप
शिकायतकर्ता शिवराम पटेल का आरोप है कि इस दौरान दीपक पटेल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की की, जिससे वे जमीन पर गिर गए। हालांकि, पुलिस को दी गई रिपोर्ट में उन्हें चोट नहीं लगने की बात भी उल्लेखित है।
ग्रामीणों के सामने हुई घटना
शिवराम पटेल के अनुसार, घटना के दौरान ग्राम सरपंच पवन सिंह कंवर, शिवचरण साहू सहित आसपास के कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि इन लोगों ने घटना को अपनी आंखों से देखा और सुना है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मामले की शिकायत मिलने के बाद उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव में सामाजिक भवन के निर्माण जैसे सार्वजनिक कार्य के दौरान इस तरह का विवाद सामने आना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में पूरे मामले को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।
एक्सप्रेस न्यूज़ भारत
अशोक कुमार श्रीवास
बिलासपुर संभाग हेड (कोरबा)






