सीडीओ ने चार ब्लॉकों में परखी तैयारी, लापरवाही पर कर्मचारियों को कार्रवाई की चेतावनी
रिपोर्ट—रजत मल्होत्रा
संभल/रजपुरा – ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष रोजगार सृजन दिवस आयोजित किया जाएगा।
इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 55 से 60 श्रमिकों को काम देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तैयारियों में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए रविवार को मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने पवांसा, संभल, रजपुरा और गुन्नौर विकासखंड मुख्यालयों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकसित भारत–जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत और काम शुरू करने योग्य कार्यों को समय से प्रारंभ कराया जाए। साथ ही काम करने के इच्छुक और पात्र श्रमिकों का नियमानुसार नियोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मानव दिवसों का सृजन कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप श्रमिकों को रोजगार दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासन के निर्देशों की अनदेखी करने या लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अधिकाधिक रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत संभल जिले में भी विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों को तेज किया गया है।
समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित खंड विकास अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी और तकनीकी सहायक मौजूद रहे।






