Home / News / समस्तीपुर में डीएम ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादन का निर्देश

समस्तीपुर में डीएम ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादन का निर्देश

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

जन संवाद कार्यक्रम में भूमि विवाद, राशन कार्ड, बिजली और दाखिल-खारिज समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले उठे

समस्तीपुर । समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।

जन संवाद के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार, आपूर्ति, विद्युत, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले सामने आए। इनमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी और भूमि मापी से जुड़ी शिकायतों की संख्या प्रमुख रही। वहीं, राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण और जन वितरण प्रणाली से संबंधित समस्याओं को भी लोगों ने उठाया। इसके अलावा बिजली बिल, विद्युत आपूर्ति और परिवहन विभाग से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई।

जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं अथवा अधीनस्थ कर्मियों के माध्यम से जांच कराकर उचित कार्रवाई करें।

उन्होंने कहा कि जन संवाद आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना, उनकी कठिनाइयों को समझना और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित जन शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने का भी निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, वरीय उप समाहर्ता धर्मराज, सामान्य शाखा प्रभारी अंजलि कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now