Home / News / झालावाड़ एवं झालरापाटन में 85.48 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजनाओं पर हुआ ‘आरयूआईडीपी संवाद’

झालावाड़ एवं झालरापाटन में 85.48 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजनाओं पर हुआ ‘आरयूआईडीपी संवाद’

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितधारकों से लिए गए सुझाव, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

झालावाड़, 5 अगस्त। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत झालावाड़ शहर में लगभग 79.97 करोड़ रुपये तथा झालरापाटन शहर में लगभग 5.51 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कुल 85.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के संबंध में बुधवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया। संवाद के दौरान पंचम चरण में प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा प्रतिभागियों से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम में बताया गया कि एशियाई विकास बैंक के वित्तपोषण से झालावाड़ एवं झालरापाटन शहरों में अपशिष्ट जल प्रबंधन (सीवरेज) से संबंधित कार्य कराए जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग 85.48 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य दोनों शहरों में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित सीवरेज व्यवस्था विकसित कर नागरिकों को बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जिला कलक्टर ने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही झालावाड़ एवं झालरापाटन में सीवरेज कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त रचनात्मक सुझाव परियोजना को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहरी विकास परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, स्थानीय निकायों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय निकायों के सहयोग को परियोजना की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा व नगर परिषद् के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत सहित जनप्रतिनिधियों ने सीवरेज परियोजना को झालावाड़ एवं झालरापाटन शहरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों एवं शहरवासियों की ओर से परियोजना के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि आरयूआईडीपी, नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय से परियोजना का लाभ शीघ्र ही आमजन तक पहुंचेगा। जनप्रतिनिधियों ने वार्ड स्तर पर नागरिकों को योजना की जानकारी देने एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।

आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता प्रदीप शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पंचम चरण के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएंगे तथा हितधारकों से प्राप्त उपयोगी सुझावों को परियोजना में यथासंभव सम्मिलित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों पर आधारित एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। खुले सत्र में प्रतिभागियों ने सीवरेज परियोजना एवं अन्य विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now