अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। रिस्दी चौक से रजगामार जाने वाली मुख्य सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के बीच सड़क पर भरे पानी ने खतरे को और बढ़ा दिया है। इसी मुद्दे को लेकर विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक अध्यक्ष युवा कांग्रेस कोरबा (ग्रामीण) जयकिशन पटेल ने एसईसीएल प्रबंधन को पत्र सौंपकर तत्काल सड़क सुधार की मांग की है।
जयकिशन पटेल द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि रजगामार से कोरबा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनकी गहराई दो से तीन फीट तक बताई जा रही है।
बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को गड्ढों की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। हर दिन लोग जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही ने सड़क की हालत और खराब कर दी है।
युवा कांग्रेस नेता जयकिशन पटेल ने एसईसीएल प्रबंधन से अतिक्रमण हटाने और सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
जयकिशन पटेल ने मौखिक रूप से चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर रिस्दी चौक से रजगामार तक की सड़क का सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अब सवाल यह है कि क्या एसईसीएल और जिम्मेदार अधिकारी जनता की इस पीड़ा को सुनेंगे, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था की नींद खुलेगी?










