बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अब उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा। परिवार ने मीडिया और लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। धर्मेंद्र पिछले कई हफ्तों से तबीयत की वजह से कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे तो कभी घर लौट रहे थे। सांस लेने में तकलीफ होने के चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। इस बीच सोशल मीडिया पर उनके निधन की झूठी खबर तेजी से फैल गई थी, जिसे बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने गलत बताया। दोनों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील भी की।
बचपन से लेकर स्टार बनने तक धर्मेंद्र की कहानी बेहद संघर्ष भरी रही। पंजाब के एक छोटे से गांव से फिल्म इंडस्ट्री तक का उनका सफर आसान नहीं था। उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, जिनमें से कई सुपरहिट फिल्में रहीं। फिल्म ‘आनंद’ के दौरान धर्मेंद्र और ऋषिकेश मुखर्जी की दोस्ती, मीना कुमारी से जुड़ी चर्चा, तनुजा के साथ मजेदार किस्से और हेमा मालिनी से प्यार की कहानी आज भी बॉलीवुड जगत में मशहूर हैं। इस साल धर्मेंद्र की नई फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज होने वाली है, जिसमें वे अरुण खेत्रपाल के पिता का किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा वे अपने परिवार के साथ फिल्म ‘अपने 2’ में भी नजर आएंगे। धर्मेंद्र के प्रशंसक उनके जल्द ठीक होने और लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






