उत्तराखंड कांग्रेस में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। पार्टी हाईकमान ने गणेश गोदियाल पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है।
नई जिम्मेदारियों के तहत हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह को भी अहम भूमिका दी गई है। माना जा रहा है कि दोनों को संगठन को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करने का जिम्मा दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बदलाव आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों को देखते हुए किया गया है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए जिला अध्यक्षों की भी घोषणा की है। संगठन विस्तार को लेकर पार्टी ने साफ संदेश दिया है कि अब फील्ड में सक्रियता होगी।
गणेश गोदियाल की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी एकजुट होकर मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी।








