जयपुर,
राजस्थान की सबसे बड़ी और चर्चित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस राजस्थान-2026 के 28वें संस्करण का पहला ग्रैंड ऑडिशन रविवार को जयपुर में आयोजित हुआ। फ्यूजन ग्रुप द्वारा रूवी डिजिटल और प्रीमियम सफारी के सहयोग से आयोजित इस ऑडिशन में प्रदेशभर से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों, गांवों और ढाणियों से भी बड़ी संख्या में युवतियां अपने सपनों को साकार करने के लिए पहुंचीं।
मिस राजस्थान की डायरेक्टर एकता जैन ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को लेकर युवतियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने रैम्प वॉक, कैटवॉक और अपने फैशन स्टेटमेंट के जरिए जजों को प्रभावित किया। कई प्रतिभागियों के साथ उनके परिजन पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद रहे, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी नजर आया।
जूरी पैनल में निमिषा मिश्रा, जैस्मीन राणा, ट्विंकल पुरोहित, हर्षिका बत्रा सहित कई फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़े चेहरे शामिल रहे।
आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि अगले ऑडिशन के बाद 100 प्रतिभागियों का इंटरव्यू राउंड होगा, जिसमें से 28 फाइनलिस्ट चुने जाएंगे। इन फाइनलिस्ट को एक महीने तक फ्री ग्रूमिंग दी जाएगी और उन्हें नेशनल व इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म के लिए तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे, जिनमें ज्योति खंडेलवाल, मुकेश माथुर सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
आयोजकों के अनुसार, मिस राजस्थान अब फैशन और ग्लैमर इंडस्ट्री में करियर बनाने का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा कर रही हैं।






