Home / Updates / कैराना में रालोद का भाईचारा सम्मेलन, उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने दिया एकता का संदेश….

कैराना में रालोद का भाईचारा सम्मेलन, उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने दिया एकता का संदेश….

कैराना: कस्बे के राष्ट्रीय राजमार्ग-709 एड़ी पर गांव पंजीठ के निकट शनिवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) द्वारा आयोजित भाईचारा सम्मेलन में जनसैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र के साथ-साथ दूरदराज इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे, जहां सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू और मुस्लिम समाज राष्ट्रीय लोकदल के दो मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि यदि कैराना विधानसभा सीट पर एक बार रालोद का झंडा स्थापित हो गया, तो उसे हटाना आसान नहीं होगा। इस दौरान उन्होंने एक अन्य दल के स्थानीय नेता पर भी तीखे शाब्दिक प्रहार किए और कहा कि उनके परिवार को राजनीतिक पहचान दिलाने में रालोद की अहम भूमिका रही है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजक उस्मान चौधरी को पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का क्षेत्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। सम्मेलन में तिलनवाज खान, प्रबुद्ध कुमार, मारूफ अली, विजय कौशिक, ऋषिराज, चौधरी अनवार और राजन जावला समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। संचालन कर रहे रालोद के शामली जिलाध्यक्ष वाजिद अली ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता जताई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष सतवीर पंवार ने की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की नीतियों पर चलकर भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के बड़े आयोजनों को रालोद की सक्रियता और जमीनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now