महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। मंत्री माणिकराव कोकाटे को कृषि मंत्रालय से हटाकर खेल और युवा कल्याण विभाग में भेजे जाने पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सीधा तंज कसते हुए कहा – “सिर्फ मंत्रालय बदल देने से फडणवीस सरकार की साख नहीं बचेगी।” राउत का कहना है कि यह महज दिखावटी कदम है, असली समाधान तो उन मंत्रियों को हटाना है जिन पर गंभीर आरोप हैं।कोकाटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान मोबाइल पर रमी खेलते दिखे थे। राउत ने इसे शर्मनाक करार दिया और कहा कि सरकार जनता की नाराज़गी को नज़रअंदाज़ कर रही है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में जल्द मंत्रिमंडल फेरबदल होगा, क्योंकि खुद मुख्यमंत्री पर बोझ बन चुके कुछ मंत्रियों से वे छुटकारा पाना चाहते हैं।
राउत ने पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे का मामला भी उठाया, जिनके सहयोगी की गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें भी बचाने की कोशिश हुई। वहीं यूबीटी के एमएलसी अनिल परब ने भी साफ शब्दों में कहा – “कोकाटे का विभाग बदलना कोई समाधान नहीं, ये सिर्फ लीपापोती है। विपक्ष की मांग साफ है – दागी मंत्रियों को बाहर किया जाए, सिर्फ उनकी कुर्सी नहीं बदली जाए।”सरकार की छवि बचाने की इस कोशिश को विपक्ष ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है, और जनता भी अब जवाब चाहती है, समझौते नहीं।






