भाजपा के कविता सोनी के बयान पर महिला कांग्रेस के प्रभा तंवर ने जताई आपत्ति, सार्वजनिक माफी और कानूनी कार्रवाई की मांग
कोरबा// रजगामार की 7 वर्षीय मासूम बच्ची से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में अब सियासी विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के NGO प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कविता सोनी का एक कथित बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला कांग्रेस कमेटी, कोरबा ग्रामीण ने कड़ी आपत्ति जताई है।
महिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभा तंवर का आरोप है कि वायरल वीडियो में बच्ची के शरीर और उसकी उम्र को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। संगठन ने सवाल उठाया कि इतनी संवेदनशील घटना पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल आखिर कैसे किया जा सकता है?
भाजपा नेतृत्व से मांगा जवाब
महिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभा तंवर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा से मामले पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने तथा माफी मांगने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो और कथित बयान की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
प्रभा तंवर का कहना है कि पीड़िता की गरिमा और परिवार की भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। ऐसे संवेदनशील मामलों में सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों की भाषा और जिम्मेदारी पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो पर भाजपा नेतृत्व और कविता सोनी क्या सफाई देते हैं? मामले में उनका पक्ष सामने आना बाकी है। वीडियो की प्रामाणिकता और पूरे संदर्भ की स्वतंत्र पुष्टि भी जरूरी है।






